देहरादून: उत्कर्ष योग मिशन का वार्षिक उत्सव देहरादून के बनियावाला स्थित रावत फॉर्म प्लेटफॉर्म पर भव्य रूप से आयोजित किया गया। मिशन के संस्थापक, प्रसिद्ध योग गुरु और मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. सत्येन्द्र सिंह की अगुवाई में हुए इस समारोह में देहरादून समेत विभिन्न केंद्रों से बड़ी संख्या में साधक-साधिकाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में तिकोना पार्क देहरादून, आरके पुरम, अमेठी, मसूरी, भानेवाला, रानीपोखरी, द्वारका नई दिल्ली, डिग्री कॉलेज डोईवाला, फरीदाबाद, रेवाड़ी और उदालगुरी सहित विभिन्न केंद्रों के प्रतिनिधियों और साधकों की उपस्थिति रही।
यज्ञ और ध्वजारोहण से हुई समारोह की शुरुआत
वार्षिक समारोह की शुरुआत यज्ञ-हवन से हुई। मिशन के वरिष्ठ सदस्य बच्चन सिंह के नेतृत्व में करीब 20 पति-पत्नी के जोड़ों ने यज्ञ में सहभागिता की। इसके बाद ध्वजारोहण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आयुर्वेद विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रोफेसर अरुण कुमार त्रिपाठी और अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। गुरुकुल राजपुर रोड की ब्रह्मचारिणियों ने स्वागत गीत और सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
गीत, नाटिका और प्रस्तुतियों से दिखी उत्कर्ष योग की यात्रा
समारोह में उत्कर्ष योग मिशन के साधक-साधिकाओं ने विभिन्न गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से योग, प्राकृतिक जीवनशैली, देशप्रेम, परिवार के प्रति जिम्मेदारी और आत्मप्रेम का संदेश दिया गया।
मिशन के युवाओं ने एक विशेष नाटिका के जरिए उत्कर्ष योग मिशन की अब तक की यात्रा और उसके उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विभिन्न केंद्रों की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कार को लेकर डॉ. सत्येन्द्र सिंह का संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि उत्कर्ष योग मिशन स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार और व्यवहार के क्षेत्र में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने युवाओं से कम उम्र से ही योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नियमित और संयमित जीवनशैली के लिए महर्षि पतंजलि के अष्टांग योग के साथ-साथ महात्मा बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु नानक देव और गुरु गोविंद सिंह के विचारों को भी समझना जरूरी है।
डॉ. सिंह ने Early to Bed और Early to Rise की आदत को स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि युवाओं को अपने स्वास्थ्य और शिक्षा के बीच संतुलन समझना होगा।
“हर घर हो स्वस्थ, शिक्षित, संगठित और संस्कारवान” का संदेश
डॉ. सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि उत्कर्ष योग मिशन का उद्देश्य केवल योग तक सीमित नहीं है। मिशन का नारा “उत्कर्ष योग का एक ही नारा, हर घर हो स्वस्थ, शिक्षित, संगठित व संस्कारवान हमारा” है।
उन्होंने कहा कि आज की जीवनशैली में तनाव और मानसिक दबाव बढ़ रहे हैं। ऐसे में योग के वैज्ञानिक और व्यावहारिक पक्ष को जीवन में उतारकर शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर किया जा सकता है।
देशभर में ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यक्रम
डॉ. सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि उत्कर्ष योग मिशन की ओर से स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में योग एवं स्वस्थ जीवनशैली को लेकर अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मिशन के दैनिक कार्यक्रमों में देश-विदेश से लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन जुड़ रहे हैं। सुबह 6 बजे से 7:30 बजे तक चलने वाले इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग योग का अभ्यास करते हैं। मिशन की ओर से इन कार्यक्रमों को निशुल्क संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। वक्ताओं ने कहा कि योग और अनुशासित जीवनशैली को व्यापक स्तर पर अपनाने से समाज में स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कार के प्रति जागरूकता को मजबूत किया जा सकता है।
समारोह में मौजूद अतिथियों ने उत्कर्ष योग मिशन के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे अभियानों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जरूरत बताई।



