देहरादून: मौसम में सुधार के बाद उत्तराखंड में चारधाम यात्रा एक बार फिर शुरू कर दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक यात्रा पर रोक लगाई गई थी। अब मौसम की स्थिति बेहतर होने के बाद यात्रा को दोबारा सुचारू किया गया है।
मौसम बिगड़ने पर लगाई गई थी यात्रा पर रोक
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित किया था। इस दौरान प्रशासन की ओर से यात्रा मार्गों और मौसम की स्थिति पर नजर रखी गई।
अब मौसम में सुधार के बाद यात्रियों को चारधाम यात्रा के लिए आगे बढ़ने की अनुमति दी गई है। हालांकि, प्रशासन ने साफ किया है कि स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर यात्रा संचालन में बदलाव किया जा सकता है।
रास्ता बंद हुआ या बारिश बढ़ी तो फिर लग सकती है रोक
गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि सभी संबंधित जिलाधिकारियों को यात्रा दोबारा शुरू करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय स्तर पर अगर किसी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, मार्ग अवरुद्ध होने, अत्यधिक बारिश या अन्य प्रतिकूल मौसम की स्थिति बनती है, तो संबंधित जिलाधिकारी अपने स्तर से यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय ले सकते हैं।
यात्रियों की सुरक्षा पर प्रशासन की नजर
चारधाम यात्रा के दौरान मौसम लगातार बदलता रहता है। ऐसे में प्रशासन की ओर से यात्रा मार्गों और मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते फैसला लिया जा सके।
प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। इससे मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक जोखिम से बचा जा सकेगा।



