देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में आयुष विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
सेवा को सिर्फ नौकरी नहीं, जनसेवा मानें: धामी
मुख्यमंत्री ने 271 आयुष कार्मिकों और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
धामी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्मिकों की जिम्मेदारी सीधे आम लोगों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी है। दूरदराज से अस्पताल पहुंचने वाला हर व्यक्ति उम्मीद लेकर आता है, ऐसे में कार्मिकों की तत्परता और संवेदनशीलता बेहद महत्वपूर्ण है।
35 हजार से ज्यादा युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। नकल विरोधी कानून लागू करने के साथ नकल माफिया पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।
उत्तराखंड को आयुष और ग्लोबल वेलनेस हब बनाने पर जोर
धामी ने कहा कि उत्तराखंड की योग, आयुर्वेद और औषधीय जड़ी-बूटियों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश को मॉडल आयुष प्रदेश और ग्लोबल वेलनेस हब बनाने पर काम किया जा रहा है। सभी जिलों में आयुष सेवाओं के विस्तार, आधुनिक पंचकर्म सेवाओं और आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्रों पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ई-संजीवनी और आयुष सेतु पोर्टल के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ा जा रहा है। कई होमस्टे को आयुर्वेद चिकित्सालयों की वेलनेस सेवाओं से भी जोड़ा गया है।
सभी 13 जिलों तक पहुंची ESI योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना को अब प्रदेश के सभी 13 जिलों तक विस्तार दिया गया है। रुद्रपुर में 100 बेड का ESI अस्पताल संचालित हो चुका है, जबकि हरिद्वार में 300 बेड के अस्पताल का निर्माण जारी है। काशीपुर में भी अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित की गई है।
आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने भी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर और जनसुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की अपील की।



