DEHRADUN: देहरादून में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और नियमों की अनदेखी की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने देर रात बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। अलग-अलग मजिस्ट्रेट टीमों ने शहर के कई इलाकों में दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ओवररेटिंग, स्टॉक रजिस्टर अपडेट न होने, अनधिकृत सेल्समैन और रेट लिस्ट नहीं लगाए जाने जैसी खामियां सामने आईं।
शिकायतों के बाद एक्शन में आया जिला प्रशासन
शराब की दुकानों पर निर्धारित कीमत से ज्यादा वसूली यानी ओवररेटिंग की शिकायतें लगातार मिलने के बाद जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला प्रशासन की अलग-अलग टीमों ने 30 सितंबर की देर रात शहर के कई इलाकों में शराब की दुकानों पर एक साथ छापेमारी की।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद और हर्षिता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह और एसडीएम मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दुकानों की जांच की। अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक भी टीमों के साथ मौजूद रहे।
ISBT की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत सही मिली
माजरा, पटेलनगर और आसपास के क्षेत्रों में सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी और एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह की टीम ने शराब की दुकानों की जांच की।
ISBT स्थित शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत की पुष्टि हुई। जांच के दौरान दुकान में रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध रिकॉर्ड से मेल नहीं खाए।
इसके अलावा दुकान पर अनधिकृत सेल्समैन भी मिले और निर्धारित रेट लिस्ट भी चस्पा नहीं थी। टीम ने दुकान के स्टॉक और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की।
प्रेमनगर में स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला
एसडीएम मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में प्रेमनगर और आसपास के इलाकों में भी शराब की दुकानों का निरीक्षण किया गया।
प्रेमनगर स्थित एक दुकान में स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। इसके अलावा दुकान पर अनधिकृत सेल्समैन भी पाए गए। टीम ने स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की।
जाखन और राजपुर रोड में भी मिलीं कई खामियां
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद और हर्षिता सिंह के नेतृत्व में जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र की दुकानों की भी जांच की गई।
यहां कई दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। कुछ दुकानों पर निर्धारित रेट लिस्ट नहीं लगी थी। इसके अलावा अनधिकृत सेल्समैन और आबकारी विभाग का शिकायत नंबर भी प्रदर्शित नहीं पाया गया।
जांच के दौरान ओवररेटिंग के मामले भी सामने आए। टीम को विक्रेताओं की ओर से भी ओवररेटिंग से जुड़ी शिकायतें मिलीं, जिन पर मौके पर ही संज्ञान लिया गया।
स्टॉक से लेकर सेल्समैन की वैधता तक हुई जांच
देर रात चले इस अभियान में प्रशासनिक टीमों ने सिर्फ शराब की कीमतों की जांच नहीं की, बल्कि दुकानों से जुड़े कई रिकॉर्ड और व्यवस्थाएं भी देखीं।
टीमों ने स्टॉक, बिक्री अभिलेख, बोतलों के बैच नंबर, निर्धारित बिक्री दर, रेट लिस्ट, सेल्समैन की वैधता और शिकायत नंबर के प्रदर्शन समेत कई बिंदुओं की जांच की।
डीएम बोले- ओवररेटिंग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि शराब की निर्धारित कीमत से अधिक वसूली, अनधिकृत लोगों से बिक्री कराना और रिकॉर्ड में अनियमितता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को शराब की दुकानों पर नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने और गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन के इस देर रात चले अभियान के बाद शराब कारोबारियों में हलचल देखने को मिली। प्रशासन ने संकेत दिया है कि ओवररेटिंग और दूसरी अनियमितताओं की शिकायतों पर आगे भी अचानक चेकिंग जारी रहेगी।



